आजमगढ़ 8 जुलाई भाजपा नेता ओंकार पाण्डेय ने मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा 7 जुलाई को निकाली गयी सद्बुद्धि पदयात्रा पर तीखा हमला बोलते हुये इसे हिंदू विरोधी मानसिकता एवं ढोंग करार दिया और कहा कांग्रेस को स्वयं अपनी सद्बुद्धि के लिये यात्रा निकालने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने वर्षों तक प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाया, प्रभु श्री राम के मंदिर निर्माण रोकने के लिये अदालतों में वकीलों की फौज खड़ी की, प्राण प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक गौरवपूर्ण अवसर पर कांग्रेस नेताओं को आमंत्रित किया गया था परंतु उन्होंने समारोह का बहिष्कार कर करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया जिससे कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया वही कांग्रेस आज चढ़ावे और दान के नाम पर मगरमच्छ के आंसू बहाकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जी महराज ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुये एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच शुरू करा दी है। जांच पूरी होते ही सच सामने आ जाएगा और कांग्रेस का राजनीतिक छल प्रपंच पाखंड बेनकाब हो जायेगा। कांग्रेस अपनी खिसकती राजनीतिक जमीन बचाने के लिये अनर्गल प्रलाप कर रही है। श्री पाण्डेय ने आगे कहा कि प्राण प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक गौरवपूर्ण अवसर पर कांग्रेस नेताओं को आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने समारोह का बहिष्कार कर करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया। जिस प्रभु श्रीराम और सनातन संस्कृति से कांग्रेस को हमेशा समस्या रही है वही कांग्रेस अब राजनीतिक लाभ के लिये सनातन प्रेम का ढोंग कर रही है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस के चाल, चरित्र और चेहरे को पूरी तरह पहचान चुकी है। उत्तर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को ऐसा जवाब देगी कि प्रदेश की राजनीति से कांग्रेस का नामो निशान मिट जायेगा।
