फूलपुर (आजमगढ़)। लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण अभियान के तहत गुरुवार को देर शाम तक फूलपुर के माहुल तिराहे पर प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एसडीएम अशोक कुमार और सीओ किरन पाल सिंह के नेतृत्व में दो जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान चार थानों की पुलिस बल तैनात रही, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बता दे कि लखनऊ – बलिया राजमार्ग पर फूलपुर बाजार के दुकानदारो के द्वारा सड़क पर अवैध कब्जा किया गया था । जिसमे 115 लोगो को सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी की गयी था । सड़क से अतिक्रमण न हटाये जाने पर प्रशासन के द्वारा दो जेसीबी लगाकर अतिक्रमण हटवाया जा रहा है । प्रशासन की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई दुकानदारों ने स्वयं अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। हालांकि, निर्धारित समय तक अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के निर्माण जेसीबी से ढहा दिए गए। अभियान के दौरान सड़क के दोनों किनारों पर अवैध रूप से बनाए गए चबूतरे, शेड और अन्य निर्माण हटाए गए। एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि लखनऊ-बलिया मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आने वाले 115 दुकानदारों को पूर्व में नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कब्जा नहीं हटाए जाने पर विभाग ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी किरन पाल सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एवं अवर अभियंता, राजस्व विभाग के अधिकारी, लेखपाल और राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर फूलपुर, पवई, सरायमीर और दीदारगंज थानों की पुलिस तैनात रही। प्रशासन के अनुसार लखनऊ-बलिया मार्ग के चौड़ीकरण में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे सबसे बड़ी बाधा बने हुए थे। ऊदपुर रेलवे स्टेशन रोड और माहुल तिराहा क्षेत्र में वर्षों से अतिक्रमण के कारण सड़क निर्माण प्रभावित हो रहा था, वहीं आए दिन जाम की समस्या से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार मौखिक चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर आखिरकार प्रशासन को बुलडोजर चलाना पड़ा।
