महाराजगंज आजमगढ़ महराजगंज के ब्लॉक परिसर में जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का सोमवार को शुभारंभ हुआ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह आयोजन 14 जून से 16 जून 2026 तक चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व जिला अध्यक्ष श्री कृष्ण पाल ने किया इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पारस नाथ यादव सहित ब्लॉक के सभी कर्मी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनकल्याण शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें लाभान्वित करने की व्यवस्था की गई। विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, मत्स्य विभाग, आंगनबाड़ी, ग्रामीण आजीविका मिशन, आयुष विभाग, कृषि रक्षा इकाई और बीज वितरण केंद्र सहित कई अन्य सरकारी इकाइयों ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कृष्णपाल ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग तक योजनाओं लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि यह आयोजन 16 जून तक चलेगा। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। शिविर में आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण, स्वास्थ्य परामर्श और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी (कृषि) अशोक कुमार निषाद, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मिथिलेश कुमार राय, अवर अभियंता (लघु सिंचाई) सुनील कुशवाहा, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण मुकेश यादव तथा विकास खंड अधिकारी रामसागर सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मंच पर वरिष्ठ भाजपा नेता हरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, जिला पंचायत सदस्य विशाल सेठ, भाजपा सभासद गुलाब सिंह और पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष श्रीकांत मौर्य भी उपस्थित रहे।
