लालगंज (आजमगढ़)। फोरलेन पर बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालगंज नगर निवासी मनोज कुमार सोनकर (38) पुत्र मिठाई लाल सोनकर, नागेंद्र यादव (38) पुत्र बाबूलाल यादव तथा धर्मेंद्र सोनकर (43) पुत्र लौटन निवासी चंदवक, जनपद जौनपुर, बुधवार रात गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उबारपुर गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात भोजन करने के बाद तीनों एक बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि फोरलेन स्थित मसीरपुर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने सड़क पर घायलों को तड़पता देखा और पास के ढाबा संचालक को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल सौ शैया अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मनोज कुमार सोनकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मृतक मनोज कुमार सोनकर पूर्व चेयरमैन विजय सोनकर के मौसेरे भाई थे, जबकि घायल धर्मेंद्र सोनकर उनके ममेरे भाई बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया।
