साहब, मैं अभी जिंदा हूं…” जीवित महिला को मृत दिखाकर राशन कार्ड से नाम काटने का मामला पहुंचा एसडीएम के सामने
माहुल(आजमगढ़)। फूलपुर तहसील के ग्राम पंचायत ओरिल स्थित पंचायत भवन में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान बीते एक वर्ष में प्राप्त 210 शिकायत पत्रों का मौके पर सत्यापन किया गया। राजस्व, पुलिस, जल निगम, ब्लॉक एवं अन्य विभागों से संबंधित मामलों की जांच ग्रामीणों की मौजूदगी में की गई, जिससे अधिकांश ग्रामीण संतुष्ट नजर आए। चौपाल के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। गांव की महिला भागीरथी ने एसडीएम से गुहार लगाते हुए कहा, “साहब, मैं अभी जिंदा हूं, लेकिन मुझे मृत दिखाकर राशन कार्ड से मेरा नाम काट दिया गया है।” मामला संज्ञान में आते ही एसडीएम अशोक कुमार ने पूर्ति निरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा को तत्काल राशन कार्ड में सुधार कराने का निर्देश दिया। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न होने की चेतावनी भी दी। चौपाल में भूमि विवाद से संबंधित चार नए प्रार्थना पत्र भी प्राप्त हुए। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार राजू कुमार ने राजस्व निरीक्षक देवेंद्र कुमार एवं लेखपाल गंगा प्रसाद को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक देवेंद्र कुमार, गंगा राम, एडीओ पंचायत अरविंद शर्मा, ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेश कुमार, ग्राम प्रधान रामअवतार यादव, भाजपा नेता सूरज अग्रहरि, सत्यनारायण यादव, गिरजा शंकर पाण्डेय, विजय बहादुर, अमरनाथ प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।।
