महराजगंज (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के मेउरिया गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के पास स्थित बगीचे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मेउरिया निवासी संदीप मौर्य ने पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई संजय मौर्य (28) पुत्र लालू मौर्य शनिवार सुबह करीब पांच बजे घर के बगल स्थित बगीचे में फंदे से लटके मिले। परिजनों ने जब उन्हें देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पीआरबी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा फांसी लगाए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है,जबकि दबे स्वर में आसपास के लोगों का कहना है कि मृतक के पत्नी वो बच्चे विगत लगभग दो सालों से उसके पास नहीं रहते थे जिसको लेकर मृतक मानसिक दबाव में रहता था | थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
