श्री बाबा मुंडेश्वर नाथ मंदिर में श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, 11 जून को होगा पूर्णाहुति व भंडारा
फूलपुर (आजमगढ़)। सिद्ध पीठ श्री बाबा मुंडेश्वर नाथ मंदिर, मुंडियार में शुक्रवार को श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच निकली इस कलश यात्रा में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। फूलपुर स्थित गढ़वा कुटी से बाजे-गाजे, हाथी-घोड़ों और जयघोष के साथ यात्रा पूरे फूलपुर नगर में भ्रमण किया। इस दौरान 521 महिलाओं एवं कन्याओं ने अपने सिर पर कलश धारण कर कुंवर नदी से जल भरकर यात्रा में शामिल हुई । कलश यात्रा शबाना आजमी रोड, पुरानी मिर्चा मंडी, शंकर जी तिराहा, सिनेमा रोड, रोडवेज, न्यू ऑक्सफोर्ड स्कूल तथा डॉ. लोहिया बालिका विद्यालय मार्ग से होते हुए श्री बाबा मुंडेश्वर नाथ मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने मंडप की परिक्रमा की तथा वैदिक विधि-विधान के साथ कलशों की स्थापना की गई। यात्रा की अगुवाई मुख्य अतिथि महंत श्री राजू दास जी महाराज ने किया । ब्राह्मणों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन एवं मंगलाचरण कराया गया। यज्ञकर्ता एवं संयोजक अनिल जी महाराज ने बताया कि राष्ट्र रक्षा, विश्व शांति और मानव कल्याण की भावना से आयोजित इस महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिदिन प्रातःकाल पूजन-हवन तथा सायं 7 बजे से कथावाचक श्री गंगोत्री जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 11 जून को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ धार्मिक आयोजन का समापन होगा। कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं गणमान्य लोगों की सहभागिता देखने को मिली । जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
