मुबारकपुर आज़मगढ़ भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए इस्लामिया हॉस्पिटल के इंचार्ज प्रसिद्ध डॉ. जावेद कमर एम बी बी एस पी जी डी एम सी एच ने लोगों को लू से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस समय चल रही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती हैं, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। डॉ. जावेद कमर ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलना सबसे अधिक खतरनाक होता है। इस दौरान खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने अधिक मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थ लेने की सलाह दी, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा सीधे धूप के संपर्क से बचें। अगर किसी व्यक्ति को चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी या कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हों, तो इसे नजरअंदाज न करें, क्योंकि ये हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं।अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गर्मी के इस दौर में सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।
