मुबारकपुर आज़मगढ़ सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ चौराहा पर शुक्रवार को भोर में लगभग 4 बजे शीरा लोडेड टैंकर उस समय पलट गया जब सामने से तेज रफ्तार से ट्रैक्टर ट्राली चौराहे से जा रही थी इसे बचाने में टैंकर अनियंत्रित हो गया तथा कुछ दूर जा कर पलट गया। टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया तथा टैंकर में लोडेड शीरा मार्ग पर फैल कर बहने लगा।टैंकर पलटने से शाहगढ बाजार में अफरा तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगो की मदद से घायल चालक को जिला अस्पताल सदर भर्ती कराया गया, हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सको ने उसे उपचार हेतु हायर सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। दी सहकारी चीनी मिल सठियांव से शीरा टैंकर में भर कर चंदौली जनपद गोदरेज कम्पनी के लिए जा रहा था। चालक गोपाल यादव जनपद गोरखपुर का रहने वाला बताया जाता है। वह चीनी मिल सठियांव से 36 टन, 9 कुंतल,36 किलो ग्राम शीरा लोड कर के चंदौली गोदरेज कम्पनी को जा रहा था। अभी टैंकर शाहगढ चौराहे पर ही पहुचा कि ट्रैक्टर ट्राली को बचाने में अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में लदा शीरा मुख्य मार्ग पर फैला था जिससे आने जाने वाले बाइक चालक इसपर फिसलकर गिर पड़ते थे। इसकी सूचना पाकर सर्किल निरीक्षक प्रभु नारायण सिंह, राजेश, संजय मौके पर पहुचे और यातायात बाधित न होने पाए इसके लिए तत्काल कदम उठाया और शीरा को मार्ग से साफ कराया तथा सुरक्षा हेतु दो पुलिस कर्मी की ड्यूटी लगा दी गयी। बयान के लिए सम्पर्क किया गया तो थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह का फोन नही उठ सका।
