मुबारकपुर आजमगढ़ मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के सठियावं स्थित चन्द्र देव राम यादव करेली के कार्यालय में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करेली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करेली ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक महान नेता ही नहीं, बल्कि एक युगद्रष्टा, समाज सुधारक और भारतीय संविधान के निर्माता थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के दबे-कुचले, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का मानना था कि “शिक्षा ही वह सबसे बड़ा हथियार है, जिससे समाज में समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है।” इसलिए हम सभी को शिक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए और अपने बच्चों को शिक्षित कर समाज को आगे बढ़ाना चाहिए। श्री यादव ने आगे कहा कि आज के समय में बाबा साहब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। हमें उनके बताए मार्ग—समानता, भाईचारा और न्याय—पर चलकर एक मजबूत और समतामूलक समाज का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखें। कार्यक्रम का समापन बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया। इस अवसर पर जहानागंज अध्यक्ष सरफराज़ अहमद, महाप्रधान मोहम्मद ज़ियाउल्लाह अंसारी, प्रधान हाजी जमाल अहमद, समाजवादी पार्टी के नेता प्रदीप यादव, संदीप कुमार यादव (गुड्डू) कमला कांत यादव अब्दुल्लाह अलाउद्दीन सहित भारी संख्या में क्षेत्रवासियों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर बाबा साहब को नमन किया।
