महराजगंज आजमगढ़ गोपालपुर विधानसभा सभा क्षेत्र के गोरिया बाजार में मंगलवार को आयोजित होली मिलन समारोह में इस बार रंग, गुलाल और भक्ति के गीतों का अनूठा संगम देखने को मिला| कार्यक्रम के दौरान “सिया निकले अवधवा की ओर होलिया खेले राम लला” जैसे भक्ति गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा| क्षेत्र के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सौहार्द तथा भाईचारे का संदेश दिया| यह समारोह गोपालपुर विधानसभा के निवर्तमान भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र राय द्वारा आयोजित किया गया था |कार्यक्रम की छटा उस समय और बढ़ गयी जब भोजपुरी गायक राकेश तिवारी ने फागुआ, चैता व चैती राग में लोगों गीत सुनाया जबकि भोजपुरी गायिका अर्चना राय ने सत्येंद्र राय को गोपालपुर से विधायक मानते हुए गीत प्रस्तुत किया | कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्मों के चॉकलेटी अभिनेता ध्रुव मिश्र व अभिनेत्री शिल्पी राघवानी द्वारा भोजपुरी गानों पर किया गया अभिनय ने सभी में ऊर्जा का संचार कर दिया |सत्येंद्र राय ने कार्यक्रम में शामिल क्षेत्रवासियों व भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेली और होली की बधाई दी तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया | उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जो समाज को जोड़ने का काम करता है|सत्येंद्र राय ने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह और सहयोग हमेशा उन्हें प्रेरित करता रहा है| उन्होंने सभी लोगों का धन्यवाद देते हुए कहा कि भविष्य में भी वे क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे| कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे| सभी ने मिलकर होली के पारंपरिक गीतों और गुलाल के साथ उत्साहपूर्वक पर्व का आनंद लिया| समारोह में हंसी-खुशी और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला|
