माहुल(आजमगढ़)।अहरौला थाना क्षेत्र के कोर्राघाटमपुर निवासी और माहुल बाजार के प्रसिद्ध किराना कारोबारी बसंत लाल साहू ने चार अज्ञात महिलाओं पर घर के बाहर बैठी उनकी मां से कान का झुमका छीनने का आरोप लगाते हुए बुधवार को पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। शिकायती पत्र मिलते ही माहुल चौकी की पुलिस जांच पड़ताल में लग गई है। पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बसंत लाल ने कहा कि मंगलवार को दिन में 11 बजे उनकी मां इंद्रावती अपने पैतृक घर के बाहर बैठी थी। इतने में बोलेरो वाहन से किन्नर के भेस में चार महिलाएं पहुंची और उनकी मां से यह कहा कि चार माह पूर्व आप के पुत्र को पुत्री हुई है इस खुशी में वे नेग लेने आई है। और मौका पाकर उनके दोनों कान से सोने का झुमका जबरन निकाल लिया और वाहन में बैठ कर चारो महिलाएं रफूचक्कर हो गई। जब बसंत लाल रात में दुकान बंद कर घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। छीने गए झुमके की कीमत 85,000 है। इस संबंध में कार्यवाहक चौकी प्रभारी माहुल श्याम कुमार दुबे का कहना की प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध है। तहरीर मिली है जांच पड़ताल के बाद जो भी तथ्य सामने आयेगे विधि सम्मत कार्यवाही पुलिस करेगी।।
