फूलपुर आजमगढ़ कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नाम और जन्मतिथि बदलकर दूसरा पासपोर्ट बनवाने वाले आरोपी को फूलपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि 20 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक दयानन्द द्वारा सूचना दी गई कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सदरपुर बरौली निवासी प्रमोद कुमार गौड़ पुत्र देवीचरन गौड़ ने अपने नाम और जन्मतिथि में हेरफेर कर दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया है।जांच में सामने आया कि आरोपी ने वर्ष 2007 में प्रमोद कुमार गौर पुत्र देवीचरन गौर,जन्मतिथि 30 अप्रैल 1978 के नाम से पासपोर्ट बनवाया था,जिसकी अवधि 2017 तक थी।इसके बाद 14 अगस्त 2017 को पासपोर्ट संख्या R8236695 का नवीनीकरण कराया गया, जिसकी वैधता 13 अगस्त 2027 तक है।पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी ने बाद में अपना नाम और जन्मतिथि बदलकर कूटरचित व भ्रामक तथ्यों के आधार पर पासपोर्ट संख्या C6288024 बनवा लिया,जो पासपोर्ट नियमों का उल्लंघन है।इस मामले में कोतवाली में मुकदमा पासपोर्ट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।रविवार को एसआई राजेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे।इसी दौरान वांछित आरोपी प्रमोद कुमार गौड़ को उसके घर के बाहर ग्राम सदरपुर बरौली से सुबह करीब 8:35 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वासुदेव मिश्रा और कांस्टेबल विशाल गौड़ शामिल रहे।
