माहुल आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया–पारा गांव में 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार युवती को कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के घाट उतारने का आरोप है। मिली जानकारी के अनुसार पारा गांव निवासी सुरेश गौड़ की 18 वर्षीय पुत्री सरिता, जो बीए की छात्रा थी, की गुरुवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों के मुताबिक रात करीब 3 बजे कुछ लोग सरिता को अचेत अवस्था में उसके घर के दरवाजे के पास छोड़कर चले गए। परिवार वालों ने उसे बरामदे में तख्त पर लिटाकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों का कहना है कि पहले दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, जिसको लेकर कुछ समय पहले मुकदमा भी दर्ज कराया गया था और उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में थाना अहरौला पुलिस ने कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ पिलाकर युवती की हत्या करने के आरोप में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।।पुलिस टीम ने 05 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में वांछित आरोपी दिलीप कुमार को बरामदपुर पुलिया मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
