अतरौलिया आजमगढ़ कड़ाके की ठंड में गरीब, असहाय और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लोहरा ग्राम सभा के ग्राम प्रधान राज कपूर पूर्वांचल द्वारा लगभग 500 कंबलों का वितरण किया गया। यह वितरण पूरी तरह उनकी निजी निधि से किया गया, जिसका उद्देश्य ठंड से बचाव के साथ मानवीय सेवा रहा। ग्राम प्रधान राज कपूर पूर्वांचल ने बताया कि वह प्रत्येक वर्ष एक जनवरी को अपनी निजी निधि से 400 से 500 कंबल वितरित करते आ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष कुछ अपरिहार्य कारणों से वितरण में विलंब हो गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की सरकारी धनराशि का उपयोग नहीं किया गया है। कंबल वितरण के दौरान विधवा महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता दी गई। इसके पश्चात अन्य पात्र जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर कंबल वितरित किए गए। ग्राम प्रधान ने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और भीषण ठंड में जरूरतमंदों की सेवा करना उनका धर्म है। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। सामाजिक सरोकार से जुड़ा यह कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
