
पवई(आजमगढ) पवई थाना के सुम्हाडीह बाजार मे शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पर भर्ती कराया गया। जहां एक युवक को डॉक्टरो ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक का उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पवई थाना के सुम्हाडीह गांव निवासी सुनील बिंद पुत्र शिवपूजन बिंद शुक्रवार को गांव के ही साथी सर्वेश बिंद पुत्र राम लखन बिंद के साथ चकिया बाजार गया था। वहां से घर लौटते वक्त रात को जैसे ही उनकी बाइक सुम्हाडीह बाजार के पास पहुंची तो अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुनील बिंद व सर्वेश बिंद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लेकर पहुंची, यहा पर डॉक्टरों ने सुनील बिंद को मृत घोषित कर दिया और प्राथमिक इलाज के बाद सर्वेश बिंद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पाकर सुनील बिंद के घर में कोहराम मच गया और स्वजन रोते हुए अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी के बाद स्वजन आ गए थे और मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।