लालगंज (आजमगढ़ ) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए लालगंज सुरक्षित विधानसभा-351 से अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने पूर्व सांसद डॉ. बलिराम के पुत्र पंकज कुमार पर दांव लगाया है। रविवार को लालगंज के राम जानकी मैदान में आयोजित विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं कई मंडलों के मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा ने पंकज कुमार को प्रत्याशी बनाए जाने की औपचारिक घोषणा की। घोषणा के साथ ही पूरे मैदान में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जोरदार स्वागत किया कार्यक्रम से पहले कैथी शंकरपुर मोड़ पर कार्यकर्ताओं ने पंकज कुमार का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद समर्थकों का काफिला “जय भीम, बसपा जिंदाबाद” के नारों के साथ राम जानकी मैदान पहुंचा।पंकज कुमार पूर्व सांसद लालगंज डॉ. बलिराम के पुत्र हैं। प्रत्याशी घोषित होने के बाद उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने बसपा को मजबूत करने और बहन कुमारी मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। इस महासम्मेलन में पूर्व एमएलसी डॉ. विजय प्रताप, भीम राजभर, पूर्व प्रत्याशी इंदू चौधरी, विनोद चौहान, मदन राम, ओमकार शास्त्री, अरविंद कुमार, रामविलास भास्कर एडवोकेट, दीपक कुमार, अजय कुमार, कमलेश राजभर, रामबचन राम, जिला अध्यक्ष विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
