माहुल(आजमगढ़)स्थानीय नगर के पवई रोड पर जलनिकास के लिए नाले की खोदाई का कार्य आरोप प्रत्यारोप के बीच उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने रोक दिया। जिससे हड़कंप की स्थिति रही। नगर पंचायत माहुल के वार्ड न एक संत कबीर नगर से एक नाला यहां से पवई जाने वाली सड़क को क्रास कर वॉर्ड न आठ अब्दुल कलाम नगर होते हुए पोखरी तक जाता है। इसी नाले के माध्यम से वार्ड के घरों से निकलने वाला गंदा पानी पोखरी से होकर ओंगरी नदी में जा कर मिलता है। वार्ड न आठ के ही निवासी एक व्यक्ति द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा था।जिसके कारण वार्ड न एक की जलनिकासी बाधित हो गई और बर्षा के समय में गंदा पानी घरों में घुस रहा था। एक सप्ताह पूर्व नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नागरिकों की समस्या को देखते हुए रुकी जलनिकासी को शुरू कराने के लिए नाले को बगल से जा रही नाली में मिलाना चाहा। तो भाजपा नेता सलमान कुरैशी और मोहल्ले के अन्य लोगों ने उसे यह कहते हुए रोक दिया कि रास्ते के मध्य से जा रही नाली में इसे नहीं मिलाया जाएगा। इस संबंध में सलमान ने दीवानी न्यायालय में वाद दायर कर दिया। उसके बाद इसकी शिकायत अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र ने उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार से किया। उसके बाद मंगलवार को राजस्व निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव और लेखपाल सौरभ राय पुलिस बल के साथ पहुंचे और वेकहो लोडर से जैसे ही खोदाई शुरू कराया। उसी बीच सलमान कुरैशी अपने समर्थकों के साथ वहां पर पहुंच कर खोदाई का विरोध करने लगे और भाजपा युवा मोर्चा के गोरखपुर क्षेत्र के उपाध्यक्ष रानू राजभर और प्रभारी मंत्री अनिल राजभर पर अभद्र टिप्पणी करने लगे जिसके कारण माहौल तनाव पूर्ण हो गया। इसकी सूचना जैसे ही उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार को हुई उन्होंने नाले की खोदाई का कार्य रोक दिया उसके बाद राजस्व टीम और पुलिस बल वहां से वापस चला गया। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र ने कहा कि जलनिकासी जनहित में आवश्यक है अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है जो भी आदेश निर्देश होगा उस हिसाब से कार्यवाही होगी।
