मुबारकपुर (आजमगढ़)। एहयाउल उलूम हायर सेकेंडरी स्कूल, मुबारकपुर में मेधावी छात्रों के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाले करीब 14 छात्रों जिन्होंने NEET, JEE एवं CUET जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया, उन्हें शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मास्टर जमील अहमद एवं मास्टर अबूसाद ने संयुक्त रूप से किया। विद्यालय के मैनेजर अंसार अहमद ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं और अन्य छात्रों को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। फैजान अहमद एडवोकेट ने कहा कि शिक्षा ही समाज की वास्तविक ताकत है। उन्होंने सफल छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए उनसे देश और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अकरम, मैनेजर अंसार अहमद, हाजी मोहम्मद याकूब, हाजी अब्दुर्रहमान, मास्टर अबू सैफ, फैजान अहमद एडवोकेट, हाजी जलालुद्दीन, हाजी कमरुज़्ज़मा सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद आज़म, मोहम्मद अशरफ, समस्त शिक्षक व अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
