मुबारकपुर आज़मगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय सठियावं में आयोजित पीडीए आरक्षण घोटाले पर जनसंवाद कार्यक्रम में मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के आरक्षण अधिकारों के हनन का आरोप लगाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कल्पनाथ पासवान (तुलसीपुर), सैनिक फार्म डिप्टी डायरेक्टर ने की जबकि संचालन बहादुर यादव ने की विधायक अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा कराए गए PDA ऑडिट में यह सामने आया है कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में विभिन्न भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था के साथ छेड़छाड़ कर हजारों पदों पर PDA वर्ग के युवाओं का अधिकार छीना है। उन्होंने आरोप लगाया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, एडेड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती तथा अन्य कई भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षण नियमों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की यूपीएसएसएससी कनिष्ठ सहायक भर्ती, आशुलिपिक भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, लेखपाल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती एवं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भर्ती सहित कई नियुक्तियों में आरक्षण अधिकारों का हनन किया गया। साथ ही वर्ष 2026 की विभिन्न भर्तियों में भी PDA वर्ग के पदों की कथित लूट का आरोप लगाए। सना परवीन ने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे छात्र-युवा हताश और निराश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली की विफलता के कारण छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। अब्दुल्लाह अलाउद्दीन ने बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार को भी जनता की प्रमुख समस्या बताते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि से आम परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है तथा सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने में असफल रही है। कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष शोभनाथ यादव, पूर्व मंत्री रामदुलार राजभर, सपा नेता महेंद्र चौहान, जहानागंज चेयरमैन सरफराज अहमद, सना परवीन, महाप्रधान राधेश्याम भारती, पूर्व महाप्रधान श्यामदेव चौहान, किशोर यादव गुड्डू, कैलाश पासवान, हरिश्चंद्र राम, रामसमुझ विश्वकर्मा, श्यामकुंवर गिरी, सुनीता, दीना राजभर, लक्ष्मी राजभर सहित अनेक नेताओं ने भी संबोधित किया।
