माहुल(आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल के वार्ड नं0 03 गांधीनगर निवासी शासन द्वारा नामित सभासद शिवा शर्मा पर घटना के एक सप्ताह बाद पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर आखिरकार मुकदमा पंजीकृत करना पड़ गया। जिससे स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। शिवा शर्मा और रामसागर शर्मा नगर पंचायत माहुल के वार्ड नं0 03 गांधीनगर के निवासी और दोनों का घर अगल बगल ही है। छः जून को नाम का सरकारी बोर्ड उखाड़ने को लेकर दोनों लोगों में विवाद हो गया था। इस बाबत रामसागर शर्मा ने घटना के दिन शाम को अहरौला थाने पर पहुंच कर शिवा पर लाठी डंडे से मार पीट कर घायल करने और जान माल की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया था। सत्ता पक्ष के नेता के खिलाफ शिकायती पत्र की जानकारी जब पार्टी नेताओं को हुई तो खलबली मच गई और पुलिस पर अभियोग न दर्ज करने का दबाव बनाने लगे जिसे देख राम सागर शर्मा की तरफ से आरएसएस के लोग लग गए और पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डा अनिल कुमार के पास पहुंच कर घटना के बाबत उन्हें अवगत कराया। तब जा कर घटना के एक सप्ताह बाद पुलिस ने सभासद शिवा शर्मा के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया।।
