माहुल(आजमगढ़)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की एक बैठक पवई में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, पत्रकारों की भूमिका तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बृजभूषण उपाध्याय रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होता है। ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं को निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ सामने लाना पत्रकारों का दायित्व है। उन्होंने संगठन के सदस्यों से एकजुट होकर पत्रकार हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और सक्रिय बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री कृष्णमोहन उपाध्याय , तहसील अध्यक्ष शशिकांत पांडेय,उपाध्यक्ष अरविन्द विश्वकर्मा, महामंत्री अवनीश कुमार सिंह, चंडी प्रसाद सिंह, श्याम सिंह, वीरेंद्र यादव,बब्लू शुक्ला एवं क्षेत्र के कई पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक के अंत में तहसील अध्यक्ष शशिकांत पाण्डेय ने सभी का आभार व्यक्त किया।।
