फूलपुर आजमगढ़ अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना फूलपुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।दिनांक 10 जून 2026 को एक महिला द्वारा थाना फूलपुर पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया कि वह पिछले लगभग आठ वर्षों से अभियुक्त वरुण गौतम पुत्र रामअचल गौतम निवासी ग्राम टिकरिया, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के संपर्क में थी। अभियुक्त ने विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक शोषण किया, किन्तु बाद में शादी करने से इंकार कर दिया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर पर मु0अ0सं0- 195/2026 धारा 69 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना म0उ0नि0 रानी साहू द्वारा की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ अनिल कुमार* के निर्देशन में आज दिनांक 12 जून 2026 को म0उ0नि0 रानी साहू मय हमराह द्वारा मुकदमा उपरोक्त से अभियुक्त वरुण गौतम को जगदीशपुर पुलिया से समय करीब 06:05 बजे प्रातः गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार अभियुक्त को उसके अपराध से अवगत कराते हुए नियमानुसार हिरासत में लिया गया तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में म0 उपनिरीक्षक रानी साहू, हे0का0 राजीव यादव, रि0म0का0 अंशू गुप्ता थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ शामिल थे। पुलिस का कहना है जनपद आजमगढ़ पुलिस महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
