आजमगढ़।सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की अंतिम पाली संपन्न होने के बाद रेलवे स्टेशन आजमगढ़ पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ जुटने लगी। परीक्षा केंद्रों से निकलकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे, जिससे स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर काफी चहल-पहल देखने को मिली। यात्रियों और परीक्षार्थियों की सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। स्टेशन परिसर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। प्लेटफार्म पर पुलिस सहायता बूथ भी स्थापित किया गया, जहां यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई गई। उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन आजमगढ़ के सभी प्लेटफार्मों, सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन स्टैंड तथा आने-जाने वाली ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी गई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, सामानों तथा ज्वलनशील पदार्थों की लगातार सघन जांच की गई। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर हुसैन एवं आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार राय सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए लगातार स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों का भ्रमण करते रहे। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। रेलवे प्रशासन एवं पुलिस बल की सतर्कता के चलते परीक्षार्थियों का आवागमन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ तथा स्टेशन परिसर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रही।
