महाराजगंज आजमगढ़ महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर (रूपयनपुर) गाँव में रविवार करीब 11:00 बजे उस समय मातम पसर गया जब मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई| हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश देखा गया| घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई| बताया जा रहा है कि बालक आदित्य निषाद अपने घर के सामने सड़क किनारे साइकिल चला रहा था, तभी मिट्टी लादकर जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया| हादसा इतना भीषण था कि बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया| बच्चे की मां अपने लाल का शव देखकर दहाड़ें मारकर रोने लगी |मां का रो-रोकर बुरा हाल है| प्रत्यक्ष दर्शी ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में मिट्टी खनन और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन लंबे समय से जारी है, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है| लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर अंकुश लगाया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था| मृत बालक के परिजनों का कहना है कि गांव से गुजर रहे खड़ंजे से प्रतिदिन कुछ दबंगों द्वारा मिट्टी खनन कर ट्रैक्टर ट्राली से मिट्टी का व्यापार किया जा रहा है | व्यापार में प्रयुक्त वाहन गांव के रस्ते से तेजी से गाना बजाते हुए व मोबाइल हेडफोन लगाकर चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते है ,जिसे कई बार गांव वालों ने टोका था परंतु वाहन मालिकों व चालकों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ता है,इसी लापरवाही के कारण मासूम की जान गई है | ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना कारित करने वाला वाहन रूपयनपुर निवासी योगेंद्र यादव पुत्र कल्पू यादव का है जिसे उसका लडके सत्यम यादव चला रहा था |घटना कारित वाहन पर वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं लिखा था |ग्रामीणों ने बताया कि मृत बालक दो भाइयों में सबसे बड़ा था जबकि उसके पिता की मृत्यु विगत 3वर्ष पहले ही हो चुकी है | परिवार का भरण पोषण अकेली उसकी माँ करती है जो अपने बड़े बेटे की मौत के बाद सदमे में है | सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है| वहीं परिजनों ने दोषी वाहन चालक और खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा आर्थिक सहायता की मांग करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है| इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग मृतक बालक के परिवार को सांत्वना दे रहे हैं| पुलिस का कहना है कि मां की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी|
