मुबारकपुर आज़मगढ़ मुबारकपुर नगरपालिका की बोर्ड बैठक मंगलवार को नगरपालिका सभागार में अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्रा की देखरेख में तथा प्रशासक संजीव कुमार ओझा की अध्यक्षता में दोपहर दो बजे आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ लिपिक राजन चौधरी ने सभी सभासदों को पांच एजेंडों सहित वर्ष 2026-27 के लिए 54 करोड़ 60 लाख रुपये के अनुमानित बजट की प्रतियां उपलब्ध कराईं। बैठक में जल मूल्य, पार्किंग, भवन निर्माण, मैरेज हॉल, विधि आय, वधशाला, टैंकर एवं अन्य पंजीयन-रजिस्ट्रेशन, दुकान किराया, टेंडर फार्म से आय आदि विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की शुरुआत में अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने प्रशासक संजीव कुमार ओझा को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया तथा सभासदों का परिचय कराया। इस दौरान संजीव कुमार ओझा ने कहा कि पेयजल और साफ-सफाई नगर की बुनियादी आवश्यकताएं हैं, जिन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।इसके बाद वार्ड संख्या 14 के सभासद प्रतिनिधि नईमुद्दीन ने नगर में साफ-सफाई, टूटी पटियों तथा अन्य अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। इस पर प्रशासक ने तत्काल निस्तारण का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेने की बात कही। बैठक में कई सभासदों एवं प्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याएं उठाईं। वार्ड संख्या 4 के सभासद ने जल संसाधन व्यवस्था पर सवाल उठाए, जिस पर प्रशासक ने जेई शशिकांत यादव से जानकारी ली। वहीं वार्ड संख्या 3 के सभासद ने नगर की जल निकासी व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सभासद बेलाल हाशिम ने नगरपालिका में नक्शा पास न किए जाने की समस्या रखी, जिस पर प्रशासक ने अधिकारियों एवं व्यवस्था को सुदृढ़ करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्रा, वरिष्ठ लिपिक राजन चौधरी, सभासद मोहम्मद नाजिर, नुरुल होदा, शमसुज्जमा, फैजुर्रहमान, तनवीर अहमद, शफी नवाज, सुलेमान अंसारी, नईमुद्दीन, हसन नसीम, आमिर सिंह पटेल, डॉ. धुरू कुमार चौरसिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
