फूलपुर आजमगढ़ फूलपुर तहसील क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासनिक टीम की अचानक हुई छापेमारी से निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों में हड़कंप मच गया।एसडीएम अशोक कुमार एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक अखिलेश कुमार ने फूलपुर पेट्रोल पंप के सामने स्थित जनता सोनोग्राफी सेंटर पर अचानक छापेमारी की,कार्रवाई के दौरान सेंटर पर डॉक्टर मौजूद नहीं मिले,जिससे प्रशासन ने गंभीर नाराजगी जताई।बताया जा रहा है कि प्रशासन को उक्त सोनोग्राफी सेंटर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी। शिकायतों के आधार पर एसडीएम एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। छापेमारी की भनक लगते ही नगर के कई निजी अस्पतालों, पैथोलॉजी और जांच केंद्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जबकि कुछ जगहों पर कर्मचारियों में बेचैनी साफ दिखाई दी।जांच के दौरान टीम ने सेंटर के संचालन से जुड़े दस्तावेज,चिकित्सकीय अनुमति पत्र तथा सोनोग्राफी संबंधी आवश्यक अभिलेखों की मांग की।हालांकि मौके पर डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण टीम को संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।इसके बाद प्रशासन ने संबंधित संचालकों को आवश्यक कागजात के साथ तलब किया है।एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है।छापेमारी के दौरान डॉक्टर मौके पर नहीं मिले, जिससे प्रथम दृष्टया अनियमितता प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि सेंटर संचालकों को सोनोग्राफी संचालन से संबंधित सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।यदि जांच में कागजात अधूरे पाए गए या नियमों का उल्लंघन सामने आया तो संबंधित केंद्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जांच केंद्रों और निजी अस्पतालों में खलबली मची हुई है।स्वास्थ्य विभाग अब अन्य केंद्रों की भी जांच की तैयारी में जुट गया है।
