आजमगढ़, 23 मार्च शहीद दिवस के पावन अवसर पर मेरा युवा भारत आजमगढ़, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी’ अभियान के अंतर्गत एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबारी (आजमगढ़) के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष *विजय कुमार शुक्ल* तथा विशिष्ट अतिथि राजनीति विज्ञान विभाग के *दिनेश कुमार मिश्रा* रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में महान स्वतंत्रता सेनानियों *शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव* को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि *विजय कुमार शुक्ल* ने अपने संबोधन में कहा कि “शहीदों का बलिदान हमें केवल स्वतंत्रता का अहसास ही नहीं कराता, बल्कि यह भी सिखाता है कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियां क्या हैं। युवाओं को चाहिए कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं।” विशिष्ट अतिथि *दिनेश कुमार मिश्रा* ने कहा कि “आज का युवा यदि अपने कर्तव्यों के प्रति सजग हो जाए, तो देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। ‘मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी’ अभियान इसी भावना को सशक्त करने का माध्यम है।” पदयात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर पिपरी एवं मुस्तफाबाद गांव तक निकाली गई, जिसकी कुल दूरी लगभग 1.5 किलोमीटर रही। पदयात्रा में लगभग 170 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने हाथों में तख्तियां एवं बैनर लेकर “मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी” के नारों के साथ जनमानस को जागरूक किया। प्रतिभागी छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “शहीदों का बलिदान हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है। हमें अपने दैनिक जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी को अपनाकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।” उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे समाज में जागरूकता फैलाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। पूरे मार्ग में देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण बना रहा। प्रतिभागियों ने शहीदों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। इस अवसर पर *अनिल प्रताप यादव, पूजा पल्लवी, मोनिका देवी, पूजा मौर्या, प्रतिभा देवी, अशोक गुप्ता* सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं मार्गदर्शन महाविद्यालय के समस्त स्टाफ द्वारा किया गया।
