माहुल(आजमगढ़)। नगर पंचायत माहुल में शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज मुस्लिम बंधुओं द्वारा विभिन्न मस्जिदों में अकीदत के साथ अता की गई। मिश्रित आबादी होने के कारण नमाज के वक्त भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा। माहुल कस्बे में सात मस्जिदें है जिसमें यहां के पठान मोहल्ले के डेवढ़ी में एक मस्जिद है। होली पर्व पर यहां के शिवाजी मुख्य चौक स्थित मस्जिद पर अराजक तत्वों द्वारा रंग और गंदा कपड़ा फेंके जाने से तनाव उत्पन्न हो गया था। पुलिस की सक्रियता से यहां दो पक्षों में बवाल होने से बच गया था। शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज के वक्त थानाध्यक्ष अहरौला अमित मिश्र,चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल,सब इंस्पेक्टर श्याम कुमार दुबे पुलिस बल के साथ चक्रमण करते रहे और कस्बे की हर मस्जिद के सामने नमाज के समय पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा।।
