आजमगढ़, 11 मार्च। अहरौला थाना क्षेत्र के कोठवां जलालपुर गांव में दबंगों ने एक किसान की फसल काटकर और जान से मारने की धमकी देकर उत्पात मचाया। पीड़ित किसान विभूति मौर्या ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ दबंग लोग विगत 5 वर्षों से उनकी फसल काटकर और लूटकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, 3-4 मार्च की रात दबंगों ने उनकी गेहूं और सरसों की फसल काटकर ले गए। जब वह और उनका बेटा खेत में पहुंचे तो दबंगों ने उन्हें धमकी दी और फायरिंग की। दबंगों ने अगले दिन उनके घर पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी पत्नी पुनीता देवी और बेटे अवनीश और ऋषभ को चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उनकी मोटरसाइकिल, चारा मशीन, घर का जंगला, दरवाजा, ठेला, इंजन और साइकिल को भी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने घर में घुसकर लूटपाट भी की, जिसमें 13,000 रुपये नकद और अन्य सामान लूट लिया गया। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
